सब इंस्पेक्टर बने अभिषेक, परिवार सहित पूरे गांव में छायी खुशी
https://www.shirazehind.com/2026/07/blog-post_347.html
नेवढ़िया, जौनपुर। रामपुर क्षेत्र के अन्तर्गत लगधरपुर ग्रामसभा के कोहड़ा गांव निवासी सुरेन्द्र प्रताप उर्फ राणा सिंह के पुत्र अभिषेक उर्फ आयुष सिंह का उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) पद पर चयन होने से परिवार सहित पूरे गांव एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जैसे ही चयन की सूचना ग्रामीणों और शुभचिंतकों को मिली, लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुये अभिषेक सहित उनके परिवार को बधाई दिया।ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। उनकी उपलब्धि से गांव के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उक्त अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने अभिषेक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना देते हुए कहा कि उनका चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि वह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश पुलिस की गरिमा को और अधिक बढ़ायेंगे। अभिषेक के परिवार में भी खुशी का माहौल है। परिजनों ने उनकी सफलता का श्रेय उनके अथक परिश्रम, परिवार के सहयोग तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। ग्रामीणों ने कहा कि अभिषेक की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उत्साहित करेगी। कोहड़ा गांव सहित पूरे लगधरपुर ग्रामसभा सहित आस—पास के क्षेत्रों से अभिषेक को लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवा जीवन की कामना किया।

