मोहम्मद हसन कॉलेज की जीनत,अफीफा को राज्यपाल से मिलेगा स्वर्ण पदक
महाविद्यालय के उर्दू विभाग की छात्रा जीनत कौसर, पुत्री जमशेद अहमद, ने 1900 में 1581 अंक (83.02 प्रतिशत) प्राप्त कर पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान अर्जित किया है। वहीं अंग्रेजी विभाग की छात्रा अफीफा खातून, पुत्री अयाज अहमद, ने 1900 में 1414 अंक (74.40 प्रतिशत) प्राप्त कर अपने विषय में पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। दोनों छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण व्याप्त है।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दोनों छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए 27 जुलाई को आयोजित 30वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति के कर-कमलों द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही महाविद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उर्दू एवं अंग्रेजी विभाग में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा विद्यार्थियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का नया संकल्प और प्रेरणा जागृत हुई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि "आज का युग बेटियों की प्रतिभा, परिश्रम और आत्मविश्वास का युग है। हमारी छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है। यह उपलब्धि केवल दो छात्राओं की नहीं, बल्कि पूरे महाविद्यालय परिवार की सामूहिक सफलता है। हमें विश्वास है कि उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी तथा समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच को और अधिक सशक्त बनाएगी।"
उन्होंने दोनों छात्राओं के अभिभावकों, विभागाध्यक्षों एवं समस्त शिक्षकों को भी इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में भी महाविद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा, शोध, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में नई ऊँचाइयाँ स्थापित कर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
महाविद्यालय परिवार ने दोनों स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्यों से समाज एवं राष्ट्र का नाम रोशन करेंगी।

