राज्यपाल के दीक्षांत समारोह के दौरान सिद्दीकपुर चौराहे पर लगा भीषण जाम, आधे घंटे तक फंसे रहे लोग
https://www.shirazehind.com/2026/07/blog-post_701.html
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह के दौरान सोमवार सुबह सिद्दीकपुर चौराहे पर भीषण जाम लग गया। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
जानकारी के अनुसार, दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के तहत सिद्दीकपुर चौराहे पर चारों ओर बैरियर लगाकर यातायात रोक दिया गया था, ताकि वीआईपी आवागमन में कोई व्यवधान न हो।
राज्यपाल का काफिला गुजरने के बाद जैसे ही बैरियर हटाए गए, चारों दिशाओं से एक साथ वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे चौराहे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और यातायात को व्यवस्थित करते हुए करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

