NEET-2026 में यासिर अख्तर का शानदार प्रदर्शन, 99.32 पर्सेंटाइल के साथ जौनपुर का बढ़ाया मान
मड़ियाहूं के छात्र ने हासिल किए 590 अंक, ऑल इंडिया रैंक 13,596; परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर
जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के सिफा हॉस्पिटल से जुड़े परिवार के होनहार छात्र यासिर अख्तर ने NEET-2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 99.32 पर्सेंटाइल प्राप्त कर जौनपुर जिले का नाम रोशन किया है। यासिर, सिफा हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अख्तर हाशमी के पुत्र हैं।यासिर अख्तर ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में 720 में से 590 अंक प्राप्त किए। उन्हें अखिल भारतीय स्तर पर 13,596वीं रैंक तथा ओबीसी वर्ग में 6,272वीं रैंक हासिल हुई। उनकी इस उपलब्धि को कड़ी मेहनत, अनुशासित तैयारी और आत्मविश्वास का परिणाम माना जा रहा है।
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने यासिर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनके आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा।
क्षेत्र के शिक्षकों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने भी यासिर की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि मड़ियाहूं के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, सही मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
यासिर की इस सफलता का श्रेय उनके परिवार ने उनकी निरंतर मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे मड़ियाहूं क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।

