रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन सुविधा

 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि तक सहयात्री समेत निःशुल्क सफर, अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ

जौनपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने माताओं, बहनों और बेटियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।


कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। इस दौरान बड़ी संख्या में माताओं, बहनों और बेटियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति, भाजपा महिला मोर्चा मछलीशहर की जिलाध्यक्ष रागिनी सिंह, जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा मीना पटेल, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया और एआरएम रोडवेज स्नेहलता सहित अन्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर किया।


27 अगस्त से 29 अगस्त तक सभी महिलाओं के लिए मुफ्त सफर


रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को अपने एक सहयात्री के साथ 27 अगस्त 2026 की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए महिलाओं को अपना आधार कार्ड अथवा निर्वाचन कार्ड दिखाना होगा।


भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि सरकार की इस पहल से महिलाएं आसानी से अपने भाइयों के घर पहुंचकर राखी बांध सकेंगी और रक्षाबंधन का पर्व सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण माहौल में मना सकेंगी।


60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा


जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने बताया कि रक्षाबंधन के लिए विशेष मुफ्त बस यात्रा की सुविधा 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक रहेगी। वहीं लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में प्रदेश में कहीं भी यात्रा करने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह सुविधा उन्हें आजीवन उपलब्ध रहेगी।


उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में है। यह योजना मातृशक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे बुजुर्ग महिलाओं को धार्मिक, पारिवारिक और पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंचने का अवसर मिलेगा।


कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने सरकार की योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। महिलाओं ने कहा कि विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा बेहद उपयोगी और लाभकारी साबित होगी।


इस अवसर पर उपस्थित माताओं, बहनों और बेटियों को वस्त्र एवं मिष्ठान भी वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रीती श्रीवास्तव ने किया। एआरएम रोडवेज स्नेहलता ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक डीसी एनआरएलएम जितेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item