लूट की वारदात में लापरवाही पर दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित

 

सस्ते सोने का झांसा देकर व्यापारी से लूटे थे तीन लाख, तीन आरोपित गिरफ्तार

जौनपुर। सस्ते रेट पर सोना दिलाने का झांसा देकर व्यापारी को बुलाकर तीन लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद भी समय से मुकदमा दर्ज न करने और आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में थाना जलालपुर के दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने मामले में पुलिस की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

सोशल मीडिया सेल वाराणसी रेंज के अनुसार 25 अगस्त की शाम करीब 7:35 बजे शकरमंडी निवासी आकाश सेठ ने डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र के सीयूजी नंबर पर फोन कर बताया कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसे डिस्काउंट रेट पर सोना दिलाने का लालच दिया गया था। झांसे में आकर वह अपने मित्र सौरभ प्रताप के साथ तीन लाख रुपये नकद लेकर जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव पहुंचा।

आरोप है कि वहां अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह, इंद्रजीत सरोज और विशाल सिंह ने उसके साथ मारपीट की और तीन लाख रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसे वहां से भगा दिया गया।

डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद खुली पुलिस की लापरवाही

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने जलालपुर पुलिस को तत्काल घटना का सत्यापन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। रेंज कंट्रोल से फीडबैक लेने पर सामने आया कि मामले के जांचकर्ता दारोगा ने समय रहते पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा तक दर्ज नहीं कराया और आरोपितों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई भी नहीं की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जौनपुर से गहन जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद 26 अगस्त को जलालपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026, धारा 309(4), 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

दारोगा समेत पांच पर गिरी गाज

लूट जैसे गंभीर मामले में कार्रवाई में शिथिलता बरतने पर एक उपनिरीक्षक, तीन मुख्य आरक्षी/आरक्षी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।

निलंबित कर्मचारियों की सूची

1. हल्का प्रभारी -उ0नि0 राम भुवन यादव

2. रिक्रूट कांस्टेबल  राज सिंह 

3. रिक्रूट कांस्टेबल शिवा सिंह 

4. हेड मुहर्रिर संतोष मिश्रा

5. कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र

तीन आरोपित गिरफ्तार, तीन लाख और कार बरामद

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह उर्फ पिंटू निवासी इजरी, शुभम सिंह निवासी इजरी और इंद्रजीत सरोज निवासी निहालापुर, थाना केराकत को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पीड़ित से लूटी गई तीन लाख रुपये की नकदी और कार संख्या UP65CF1241 बरामद की गई। घटना में शामिल चौथे आरोपित विशाल सिंह की तलाश की जा रही है।

डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी, त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई में किसी भी स्तर पर उदासीनता, लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related

JAUNPUR 3751837249116177939

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item