66 टीबी मरीजों को बांटा पोषाहार, ‘टीबी मुक्त भारत’ का लिया संकल्प

 जागरूकता कार्यक्रम में नियमित दवा और पौष्टिक आहार के सेवन पर दिया जोर, टीबी मुक्त भारत ऐप की भी दी जानकारी

जौनपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के जरिए सफल बनाने की मुहिम लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में सोमवार को ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के प्रांगण में टीबी रोगियों के लिए पोषाहार वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 66 टीबी रोगियों को पौष्टिक आहार वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।


कार्यक्रम में सिंगरामऊ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा ने टीबी रोग के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि नियमित और पूरा उपचार टीबी को हराने की सबसे बड़ी कुंजी है। मरीज चिकित्सक की सलाह के अनुसार नियमित रूप से दवा का सेवन करें और अपने खान-पान में पौष्टिक आहार को शामिल करें। उन्होंने टीबी रोगियों के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की।


संस्था की प्रबंधक एवं सचिव डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि टीबी जैसी बीमारी के खिलाफ लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से सहयोग और सक्रिय भागीदारी की अपील की।


वहीं बदलापुर के एसटीएस तरुण कुमार ने मरीजों को टीबी मुक्त भारत ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से टीबी मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और उन्हें आवश्यक सुविधाओं का लाभ दिलाने में मदद मिलती है। इस दौरान कुछ मरीजों का ऐप पर पंजीकरण एवं आवश्यक विवरण अपलोड भी कराया गया।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश त्रिपाठी ने किया। इस दौरान अंकिता सिंह ने क्षय रोग पर आधारित गीत एवं प्रभावी स्लोगन प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। गीत और संदेश के माध्यम से लोगों को टीबी के प्रति सजग रहने तथा मरीजों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने का संदेश दिया गया।


इस अवसर पर संस्था की कोषाध्यक्ष शीला दुबे, सौरभ सिंह विक्की, अंकिता सिंह, सौम्या सिंह, संतोष कुमार, सत्यजीत, लालमणि मिश्रा, सद्दाम, कंचन, अंजली, उषा, जबी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि जागरूकता, नियमित उपचार, पौष्टिक आहार और सामूहिक सहभागिता के बल पर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

Related

JAUNPUR 9013555330991033541

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item