जनपद में 80 वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी, बच्चों में खासा उत्साह
जौनपुर। जनपद में 80 वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार को शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चहुंओर तिरंगा लहरायेगा।स्वतंत्रता दिवस को लेकर बच्चे बेहद उत्साहित हैं। पिछले एक सप्ताह से स्कूलों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों में वे अपने शिक्षकों के साथ जुटे हुए थे। परिषदीय विद्यालयों में प्रधानाध्यपकों ने हलवाईयों को लड्डू के लिए आर्डर कर दिये हैं।
निजी विद्यालयों में भी अच्छी खासी तैयारियां हुई हैं। यू के जी में पढ़ने वाले छात्र साहस सिंह को ' दुश्मन के छक्के छुड़ा दें हम इंडिया वाले..... गाने पर डांस की तैयारी की है।श्रीशा सिंह को देश भक्ति गीत गाना है। सातवीं में पढ़ने वाले धैर्य सिंह को दांडी मार्च पर नाटक प्रस्तुत करना है। शगुन सिंह परेड में शामिल होंगी। बच्चों ने अपने नये पुराने तिरंगों को सुबह ही साफ करके प्रेस कर लिया है। जिलाधिकारी कार्यालय समेत सभी विभागों कार्यालयों के मुख्य भवनों पर ध्वजारोहण होना है।
विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी और ध्वजारोहण के पश्चात खेलकूद प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निर्देशित किया गया है।शाम को टाउन हॉल नगर पालिका परिषद जौनपुर में जन सभा का आयोजन होगा जिसमें स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृति से सम्बंधित व्याख्यान होंगे।चौदह, पन्द्रह और सोलह अगस्त को सरकारी कार्यालयों सहित शाही पुल पर विशेष लाइटिंग कराने के लिए निर्देशित किया गया है।

