विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर संगोष्ठी, निकाला मौन जुलूस
https://www.shirazehind.com/2026/08/blog-post_14.html
जौनपुर। भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भाजपा जिला इकाई की ओर से जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में संगोष्ठी आयोजित की गई। विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद कलेक्ट्रेट से अंबेडकर तिराहा तक मौन जुलूस निकाला।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि विभाजन केवल देश की भूमि का बंटवारा नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के विस्थापन, हिंसा और पीड़ा का इतिहास है। इस त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देना ही इस दिवस का उद्देश्य है।
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने कहा कि विभाजन की पीड़ा और पूर्वजों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि यह दिवस हमें एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प देता है।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। संचालन एवं आयोजन में जिला पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।

