जौनपुर में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे को दी सलामी

 

जौनपुर। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, जनपद न्यायालय सहित सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व अमर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को पंचप्रण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने के साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया।

डीएम ने युवाओं में बढ़ती नशे और तंबाकू की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया और मोबाइल के संतुलित उपयोग तथा एआई और डिजिटल तकनीक का जनसेवा में सकारात्मक इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया और जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं को रंगोली के लिए सम्मानित किया।

पुलिस लाइन में राज्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण

पुलिस लाइन में मुख्य समारोह में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए नागरिकों से देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए ईमानदारी से योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्वच्छता में योगदान देने वाले सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

न्यायालय परिसर में प्रभात फेरी

जनपद न्यायालय परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। नेहरू बालोद्यान इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जवाहर नवोदय विद्यालय मड़ियाहूं और नेहरू बालोद्यान इंटर कॉलेज के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली, जिसे जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके अलावा विकास भवन, तहसीलों, विकासखंडों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। जगह-जगह देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित हुए और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

Related

JAUNPUR 1588317147648974833

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item