तिरंगे की रंगोली ने बिखेरी देशभक्ति की छटा, डीएम ने जनक कुमारी इण्टर कॉलेज के छात्राओं को किया सम्मानित
जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत आकर्षक रंगोली बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। रंगोली में तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और आजादी के पर्व की भावनाओं को बेहद सुंदर एवं रचनात्मक अंदाज में उकेरा गया। छात्राओं की इस प्रतिभा की जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने जमकर सराहना की और उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया।
रंगोली का अवलोकन करने के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से इसे तैयार करने में लगे समय, इसकी परिकल्पना और उन्हें मिली प्रेरणा के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने जिलाधिकारी के सवालों का उत्साहपूर्वक और संतोषजनक जवाब दिया। उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा से प्रभावित होकर डीएम ने छात्राओं की प्रशंसा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की ओर से इस तरह की रचनात्मक और देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता बेहद सराहनीय है। ऐसी गतिविधियां बच्चों में सृजनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने आकर्षक रंगोली को एआई के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रसारित किए जाने के निर्देश भी दिए, ताकि छात्राओं की प्रतिभा और उनके रचनात्मक कार्य को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
उत्कृष्ट रंगोली तैयार करने वाली छात्राओं गार्गी मिश्रा, वैष्णवी मिश्रा, वैभवी मिश्रा, सोनाली मिश्रा, आस्था गुप्ता, अंशिका मोदनवाल, कशिश यादव, शिक्षा पटेल एवं अर्पिता मदनवाल को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताते हुए सम्मानित छात्राओं को बधाई दी और उनके उत्साहवर्धन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

