‘जौनपुर के शहीदों’ को नमन कर मनाया स्वतंत्रता दिवस, पूर्व कर्नल ने साझा किए युद्ध के अनुभव

जौनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जौनपुर मुख्यालय स्थित नाथ संप्रदाय के प्राचीन मठ बाबा बारीनाथ मंदिर परिसर, टैगोर नगर (उर्दू बाजार) में जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से ध्वजारोहण कर देश की आजादी के आंदोलन में योगदान देने वाले जौनपुर के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कर्नल रामदास द्विवेदी, दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के पूर्व मंत्री कामरेड जयप्रकाश सिंह और नगर परिषद सभासद जगदीश मौर्या ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद शांति के प्रतीक कबूतर और गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। उपस्थित लोगों ने वंदेमातरम् और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन कर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की पंचप्रण शपथ ली।

1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध में हिस्सा ले चुके तथा 27 दिनों तक पाकिस्तान की जेल में बंद रहे 86 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्नल रामदास द्विवेदी ने अपने युद्धकालीन अनुभव साझा किए। उनके अनुभवों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया।

मुख्य अतिथि जगदीश मौर्या ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए लोकतंत्र की रक्षा और देश की समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता जयप्रकाश सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन में जौनपुर के शहीदों के योगदान को विस्तार से बताया और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से अतिथियों का बैच, माल्यार्पण और अंगवस्त्रम से स्वागत किया गया। उन्हें ‘राग जौनपुरी’ पुस्तक भी भेंट की गई।

कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष संजय कुमार सेठ सहित ज्ञान चंद्र गुप्त, अश्वनी सहगल, सुरेश चंद्र गुप्ता, श्याम कुमार वर्मा, ओमप्रकाश यादव, विनोद साहू, राजीव जौहरी, सूरज यादव, नीरज शाह, अशोक सेठ, नागेंद्र जायसवाल, जयप्रकाश यादव, विवेकानंद मिश्र, मनोज जायसवाल, हरिलाल, रवि विश्वकर्मा, प्रदीप यादव, आशीष अमरनाथ सेठ और तथागत सेठ आदि मौजूद रहे।

Related

डाक्टर 4389012944155202413

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item