आप का ‘लापता स्कूल खोजो अभियान’: जौनपुर में कागजों पर संचालित प्राथमिक विद्यालय मीरगंज खास मिला बंद
यू-डायस पोर्टल पर ‘Operational’, मौके पर लटका मिला ताला; मर्जर के खिलाफ संजय सिंह ने की थी चौपाल
जौनपुर । आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के ‘लापता स्कूल खोजो अभियान’ के तहत मंगलवार को सिकरारा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मीरगंज खास को खोजने का दावा किया गया। पार्टी के अनुसार, यू-डायस प्लस पोर्टल पर विद्यालय को ‘Operational’ यानी सक्रिय दर्शाया गया है, जबकि मौके पर विद्यालय भवन बंद और निष्क्रिय मिला।
पार्टी के मुताबिक UDISE कोड 09640200202 वाले प्राथमिक विद्यालय मीरगंज खास को सरकारी रिकॉर्ड में कक्षा एक से पांच तक का सह-शिक्षा विद्यालय और शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ग्रामीण क्षेत्र का विद्यालय बताया गया है। रिकॉर्ड में विद्यालय का पता मीरगंज खास, सिकरारा, जौनपुर तथा एलजीडी ग्राम रायदासपुर दर्ज है।
आप नेताओं का दावा है कि दिए गए जीपीएस लोकेशन 25.732318° अक्षांश और 82.622142° देशांतर पर पहुंचने पर विद्यालय का भवन तो मौजूद मिला, लेकिन विद्यालय में शिक्षण गतिविधियां संचालित होती नहीं मिलीं। भवन की दीवारों पर ‘प्राथमिक विद्यालय मीरगंज खास वि.क्षे. सिकरारा, जौनपुर’ और ‘Samagra Shiksha’ आदि अंकित है।
आप ने इसे उसी विद्यालय से जोड़ते हुए कहा है, जिसके मर्जर के विरोध में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गांव में चौपाल लगाकर पदयात्रा की थी। पार्टी के अनुसार, विरोध के बाद मर्जर का आदेश वापस लिया गया था। अब विद्यालय के मौके पर बंद मिलने को लेकर आप ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
आप के पूर्वांचल प्रांत प्रभारी अनुराग मिश्रा ने आरोप लगाते हुए कहा, “हमारे बच्चों के स्कूल योगी आदित्यनाथ ने चोरी कर लिया है। चोरी किए गए एक-एक स्कूल को खोजकर निकालेंगे। योगी जी आप हमारे स्कूलों को चाहे आकाश में, पाताल में, गुफा में या सुरंग में कहीं भी छुपाकर रखें, हम एक-एक स्कूल खोजकर ले आएंगे।”
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा से जुड़े स्कूलों को कागजों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।
स्कूल की स्थिति का पता लगाने वाली टीम में आप व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एच.एन. तिवारी और जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह बागी ने भी सहयोग किया।
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश सरकार से यू-डायस प्लस पोर्टल पर ‘सक्रिय’ दर्शाए जा रहे सभी विद्यालयों का तत्काल भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जो विद्यालय वास्तव में बंद हैं, उन्हें तत्काल पुनः संचालित कराया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो और सरकारी रिकॉर्ड तथा धरातल की स्थिति में अंतर न रहे।

