रन्नो कंपोजिट विद्यालय में गूंजा ‘भारत माता की जय’, हर घर तिरंगा अभियान के तहत बच्चों ने दिखाई देशभक्ति
जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर कंपोजिट विद्यालय रन्नो में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को प्रधानाध्यापक श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बच्चों ने क्राफ्ट, रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से तिरंगे और देशभक्ति की भावनाओं को रंगों में उकेरा। इस दौरान विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। बच्चों के उत्साह और देशभक्ति ने पूरे विद्यालय का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
प्रधानाध्यापक श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक भारतीय को अपने घर पर तिरंगा लाने और देश की आजादी के उत्सव को गर्व के साथ मनाने के लिए प्रेरित करता है। राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि यह हमारे सामूहिक गौरव, एकता और राष्ट्रप्रेम का गहरा प्रतिनिधित्व करता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक केके सिंह, ओपी यादव, अलमदार, समस्त रसोइयां एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने का संकल्प लिया।

