'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-आंदोलन बनाने की तैयारी
https://www.shirazehind.com/2026/08/blog-post_721.html
जौनपुर। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर, विशिष्ट अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय तथा अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की।
आकांक्षा सोनकर ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, एकता और गौरव का प्रतीक है तथा हर घर तक तिरंगा पहुंचाकर अभियान को जन-आंदोलन बनाया जाए। सुशील उपाध्याय ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं और समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने बताया कि जिले के बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी घर तिरंगे से वंचित न रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संदीप तिवारी ने किया। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

