चोरी के इरादे से पहुंचे बदमाशों ने गांव के ही अधेड़ को मार डाला, 12 घंटे में खुला हत्या का राज
जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के गोदाम चौराहा पर दुकान के बाहर सो रहे 52 वर्षीय उदयराज यादव की सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार कर हत्या करने के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य वांछित आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपित शराब के नशे के आदी हैं और शराब के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से चोरी करने निकले थे।
सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गोदाम चौराहा स्थित एक दुकान के बाहर सो रहे उदयराज यादव पुत्र स्व. इन्द्रदेव यादव (52) निवासी भभौरी की सिर पर चोट लगने से मौ*त हो गई है। सूचना मिलते ही सिकरारा पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए।
ह*त्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चार आरोपितों की संलिप्तता सामने आने का दावा किया।
पुलिस के मुताबिक, आकाश गौतम, शेर बहादुर उर्फ शेरा, सूरज गौतम और रामू गौतम चारों शराब के नशे के आदी हैं। शराब के लिए रुपये नहीं होने पर उन्होंने चोरी करने की योजना बनाई। इसी योजना के तहत चारों गोदाम चौराहा स्थित एक दुकान में चोरी करने पहुंचे थे।
इसी दौरान दुकान के पास सो रहे उदयराज यादव की नींद खुल गई। पुलिस का कहना है कि उदयराज आरोपितों के ही गांव के रहने वाले थे और उन्हें पहचान लेने की आशंका से चारों घबरा गए। अपनी पहचान उजागर होने के डर से आरोपितों ने कथित तौर पर उदयराज के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भभौरी गांव निवासी आकाश गौतम पुत्र रमेश गौतम, शेर बहादुर उर्फ शेरा पुत्र बरसाती और सूरज गौतम पुत्र दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रामू गौतम पुत्र जगदीश अभी वांछित है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद करने का दावा किया है। मामले में सिकरारा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 334/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।


पी। को डी ने मार डाला पी डी ए ठीकरा बेचारे यादव के सरफूटा यात्रा जारी रहनी चाहिए
जवाब देंहटाएं