प्राणि विज्ञान की व्याख्यान माला में विद्यार्थियों ने दिखाया वैज्ञानिक हुनर
पीपीटी के जरिए शोधपरक विषयों का किया प्रभावी प्रस्तुतिकरण, विशेषज्ञों ने दिए उपयोगी सुझाव
जौनपुर। तिलकधारी महाविद्यालय में स्नातकोत्तर प्राणि विज्ञान के सप्तम एवं नवम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की व्याख्यान माला के चौथे दिन विद्यार्थियों ने विभिन्न शोधपरक विषयों पर पीपीटी के माध्यम से प्रभावी प्रस्तुतिकरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विषयगत ज्ञान के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और प्रस्तुतीकरण कौशल विकसित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. देव ब्रत मिश्रा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं प्राणि विज्ञान विषय के वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. एसपी सिंह ने विद्यार्थियों के प्रस्तुतिकरण को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रस्तुतिकरण को अधिक प्रभावी, तथ्यपरक और वैज्ञानिक बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
चौथे दिन निहारिका, प्राची, प्रियम्बदा, शिवांगी और पूजा ने विभिन्न विषयों पर पीपीटी के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक तथ्यों और तार्किक ढंग से विषयों को प्रस्तुत करते हुए अपनी विषयगत समझ का प्रदर्शन किया।
व्याख्यान माला के आयोजन प्रभारी डॉ. आशुतोष मिश्रा एवं डॉ. अभिनव सिंह ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विषय की गहराई में जाकर अध्ययन करने और वैज्ञानिक तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह वत्स एवं डॉ. अजय कुमार ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
व्याख्यान माला के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। ऐसे अकादमिक आयोजनों से विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान के साथ वैज्ञानिक चिंतन, आत्मविश्वास और प्रभावी प्रस्तुतीकरण क्षमता विकसित करने का अवसर मिल रहा है।

