परिवारवाद पर डॉ. अरविंद राजभर का निशाना, बोले—दूसरों को नसीहत देने से पहले सपा अपने घर में झांके

 

जौनपुर । सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से आज कुंवर हरिवंश सिंह डेंटल कॉलेज के प्रांगण में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक न्याय, आरक्षण, शिक्षा और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।


अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी में परिवारवाद की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। जिस शिवपाल यादव ने नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ मिलकर पार्टी को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, यदि उन्हें भी पार्टी कार्यालय में प्रवेश के लिए अनुमति का इंतजार करना पड़े, तो यह सपा की आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।


उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को दूसरों को ‘हॉर्न न बजाने’ की नसीहत देने से पहले अपनी पार्टी की व्यवस्था और वरिष्ठ नेताओं के सम्मान पर ध्यान देना चाहिए। राजनीति में व्यक्तिगत टिप्पणी के बजाय जनता के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।


कार्यकर्ता बैठक में डॉ. अरविंद राजभर ने सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि देश स्तर पर व्यापक सर्वेक्षण कराया जाना चाहिए और सामाजिक एवं आर्थिक वास्तविकताओं का अध्ययन करने के बाद आर्थिक आधार पर आरक्षण की व्यवस्था लागू करने पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।


उन्होंने रोहिणी आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की भी वकालत की। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों के भीतर जिन वर्गों को आरक्षण का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है, उनके अधिकारों और हिस्सेदारी को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।


डॉ. अरविंद राजभर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि भारतीय संविधान का पठन-पाठन प्राथमिक विद्यालय स्तर से ही शुरू कराया जाना चाहिए, ताकि देश के बच्चों को बचपन से ही संविधान, लोकतंत्र, समानता और अधिकारों की जानकारी मिल सके।


उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा को निःशुल्क किया जाना चाहिए, क्योंकि शिक्षित बेटी न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को आगे बढ़ाने का काम करती है।


कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, सामाजिक समरसता, शिक्षा और समान अवसर के लिए लगातार संघर्ष करना है। पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की आवाज को और मजबूती से उठाएगी तथा सभी वर्गों के सम्मान और अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखेगी। डॉ जेपी सिंह राष्ट्रीय महासचिव सुभासपा ने कहा कि हिंदुस्तान की राजनीति में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर हिबेसे नेता है जो संविधान को मानते हुए सर्वसमाज को जोड़ने वाली बात करते हैं, और आरक्षण पर उनके स्टैंड का सर्व समाज समर्थन करती है। गरीबों को फ्री शिक्षा एवं फ्री चिकित्सा अनिवार्य रूप से लागू होना चाहिए। राष्ट्रीय महासचिव महिला मोर्चा शशिलाल राजभर ,प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी निहाल अंसारी, प्रदेश महासचिव अरविंद सिंह ,हरीलाल,बृजभान, शनि वर्मा, इरशाद अंसारी,विकाश राजभर, मंगल राजभर आदि लोगों ने विचार रखे और जिला अध्यक्ष चंदन राजभर ने संचालन किया।

Related

JAUNPUR 828547591203056019

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item