हमले के बाद गरजे आशाराम, उन्होंने जताई हत्या की आशंका

 बोले- मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने से लेकर अधिकारियों तक लगाई गुहार, नहीं हुई कार्रवाई

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के पिंड्रा गांव निवासी माध्यमिक शिक्षा चयन आयोग उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) आशाराम ने 12 सितंबर को अपने साथ हुई मारपीट की घटना को जानलेवा हमला बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और उनका मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया।

पत्रकारों से बातचीत में पूर्व चेयरमैन ने आरोप लगाया कि 12 सितंबर की सुबह करीब छह बजे वह मार्निंग वॉक पर निकले थे। ग्राम पंचायत प्राथमिक विद्यालय पिंड्रा के सामने पड़ोसी मुन्नालाल यादव पुत्र स्व. राम सकल ने कथित रूप से उन पर हमला कर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पूर्व में दर्ज मुकदमा वापस लेने की धमकी देते हुए कहा गया कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर उन्हें जान से मार दिया जाएगा। उनके मुताबिक, मौके पर आनंदमणि, सुनील समेत अन्य लोगों ने पहुंचकर बीच-बचाव किया।

पूर्व चेयरमैन का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल जफराबाद थाने को दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि इसके बाद थानाध्यक्ष जफराबाद, पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से दो बार मिलकर मुकदमा दर्ज करने तथा कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला।

उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे कहा गया कि तहरीर से राज्यमंत्री का नाम हटाने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पूर्व चेयरमैन ने इसे लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्यमंत्री के दबाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।

पूर्व चेयरमैन ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे सोनभद्र में तैनात एसएसआई रीता यादव की कथित साजिश है। उनका कहना है कि रीता यादव,  आरोपी मुन्नालाल यादव की चचेरी बहन हैं , इसी को लेकर उनके खिलाफ कथित रूप से हमला कराया गया।

प्रोफेसर आशाराम ने कहा कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो उन्हें अपनी जान का खतरा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराकर मुकदमा दर्ज करने, मेडिकल परीक्षण कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related

JAUNPUR 3358447671423157421

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item