सरकारी खड़ंजे पर ट्रैक्टर-कल्टीवेटर लगाकर रास्ता रोकने का आरोप, एसडीएम से शिकायत
शाहगंज, जौनपुर। अरगूपुर कला गांव निवासी हरि प्रकाश शुक्ला ने सरकारी बजट से निर्मित सार्वजनिक खड़ंजे पर कथित रूप से ट्रॉली-कल्टीवेटर लगाकर रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत उप जिलाधिकारी शाहगंज से की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव के अजय प्रताप सिंह पुत्र नरेंद्र बहादुर सिंह तथा उनके सहयोगियों द्वारा सार्वजनिक खड़ंजे पर कृषि उपकरण लगाकर आवागमन बाधित कर दिया गया है। साथ ही उन्हें और उनके परिवार को रास्ते से आने-जाने से रोका जा रहा है तथा धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
हरि प्रकाश शुक्ला के अनुसार रास्ता बंद होने से उनके बच्चों का स्कूल जाना प्रभावित हो रहा है, जबकि परिवार का दैनिक आवागमन भी बाधित है। उन्होंने इसे सरकारी सार्वजनिक मार्ग में अवरोध बताते हुए एसडीएम से तत्काल राजस्व एवं पुलिस टीम भेजकर मौके की जांच कराने तथा रास्ते से ट्रॉली-कल्टीवेटर हटवाकर सार्वजनिक आवागमन बहाल कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने 25 सितंबर 2026 को प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई है।

