पीएम श्री नाथूपुर में पीटीएम, अभिभावकों ने जानी बच्चों की शैक्षिक प्रगति
जफराबाद। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय नाथूपुर के प्रांगण में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी अमरेश कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कक्षाध्यापकों से अपने बच्चों की शैक्षिक प्रगति की जानकारी लेते हुए उनके प्रदर्शन का जायजा लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा ही जीवन स्तर में बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। शिक्षा के जरिए आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही बच्चों की साफ-सफाई, विद्यालय की वर्दी और दैनिक दिनचर्या पर भी नजर रखने की बात कही।
ग्राम पंचायत अधिकारी रत्नेश सोनकर ने अभिभावकों को ग्राम स्तर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना समेत ग्राम विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
प्रधानाध्यापक अरविंद शुक्ला ने अभिभावकों से प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को होने वाली शिक्षक-अभिभावक बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के संपर्क में रहकर ही अभिभावक बच्चों के सर्वांगीण विकास में प्रभावी सहयोग कर सकते हैं।
बैठक में अभिभावकों ने बच्चों के जन्मतिथि प्रमाणपत्र और आधार कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने ग्राम स्तर पर शिविर लगाने तथा विद्यालय को उच्चीकृत किए जाने को लेकर भी चर्चा की।
इस दौरान भारती सिंह, रेनू सिंह, अनिल मौर्य, रविंदर यादव, कैलाश, राममिलन, श्वेता पाल, रितु गौड़, आकांक्षा मौर्य, खुशबू चौरसिया, शालू निषाद, नीलम, मीना देवी, मिठाई लाल, सरिता, मालती वर्मा, श्यामलाल, सतीश चंद, सुषमा गौड़ सहित सैकड़ों अभिभावक मौजूद रहे।

