इमामपुर में वर्षों से अधूरा पड़ा ‘हर घर जल’ मिशन, टंकी बनी न जलापूर्ति शुरू हुई

 

खुटहन (जौनपुर)। ग्रामीणों को घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर जल’ योजना खुटहन क्षेत्र की इमामपुर ग्राम सभा में जिम्मेदारों की उदासीनता का शिकार है। वर्ष 2022 में शुरू हुआ जल जीवन मिशन का काम वर्षों बाद भी अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत न तो पानी की टंकी का निर्माण पूरा हो सका और न ही घरों तक पाइपलाइन के जरिए जलापूर्ति शुरू हुई।

ग्रामीणों के मुताबिक योजना शुरू होने के बाद गांव में कई स्थानों पर काम कराया गया, लेकिन कुछ समय बाद निर्माण कार्य ठप हो गया। पाइपलाइन बिछाने सहित अन्य कार्य भी अधूरे पड़े हैं। ऐसे में सरकार की घर-घर पानी पहुंचाने की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2022 में शुरू हुई योजना से उन्हें उम्मीद जगी थी कि अब पेयजल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा, लेकिन करीब चार वर्ष बीतने के बावजूद स्थिति जस की तस है। गांव में योजना के तहत शुरू किए गए कार्य अधूरे पड़े हैं और ग्रामीण आज भी पानी की सुविधा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

चुनाव का समय नजदीक आने के बावजूद योजना पूरी नहीं होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अधूरे कार्य पूरे नहीं कराए गए तो करोड़ों रुपये की योजना का उद्देश्य ही अधूरा रह जाएगा।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि योजना की वर्तमान स्थिति, कार्यदायी संस्था, स्वीकृत लागत और कार्य पूरा करने की निर्धारित समयसीमा सार्वजनिक की जानी चाहिए।


ग्रामीणों ने मांग की है कि अधूरे पड़े सभी कार्यों को शीघ्र पूरा कराकर हर पात्र परिवार के घर तक पाइपलाइन से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि ‘हर घर जल’ योजना का वास्तविक लाभ गांव के लोगों को मिल सके।


Related

JAUNPUR 1448030314946939548

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item