अपहरण की सूचना निकली झूठी, मां-बहन की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी किशोरी
थानाध्यक्ष जलालपुर ने बताया कि किशोरी के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि किशोरी घर में मां और बहन की डांट से नाराज थी। इसी नाराजगी में वह घर से निकल गई और एक वाहन में बैठकर आगे चली गई।
थानाध्यक्ष के मुताबिक रास्ते में किशोरी स्वयं वाहन से कूद गई। इसके बाद उसके द्वारा अपहरण किए जाने की बात बताई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
जांच में अपहरण या बदमाशों द्वारा किशोरी को जबरन ले जाने की पुष्टि नहीं हुई। किशोरी द्वारा वाहन में अन्य लड़कियों के बंधे और बेहोश होने की बताई गई जानकारी भी जांच में सही नहीं पाई गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पुलिस ने पूरी गंभीरता से जांच की और तथ्यों के सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई। उन्होंने बताया कि किशोरी सुरक्षित है और उसके अपहरण की बात गलत पाई गई है।

