UPSC CMS के बाद अब NEET PG में भी अमित गुप्ता ने लहराया सफलता का परचम
प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर लगातार दूसरी बड़ी सफलता, परिवार और गांव में खुशी का माहौल
जौनपुर। प्रतिभा जब कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ कदम मिलाती है तो सफलता की राह स्वयं आसान होती चली जाती है। जौनपुर के ग्राम/पोस्ट भगासा निवासी होनहार चिकित्सक अमित गुप्ता ने अपनी मेधा और निरंतर मेहनत के बल पर एक के बाद एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर परिवार के साथ-साथ गांव और जनपद का नाम रोशन किया है।
अमित गुप्ता ने करीब एक माह पूर्व संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा (CMS-Central Medical Services) परीक्षा में सफलता हासिल की थी। इस उपलब्धि की खुशी अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थी कि उन्होंने अब NEET PG परीक्षा भी सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया।
चिकित्सा क्षेत्र की दोनों महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सफलता हासिल करना अमित की प्रतिभा, लगन और कठिन परिश्रम को दर्शाता है। लगातार पढ़ाई और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता के साथ उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अमित की इस उपलब्धि पर उनके पिता इंजीनियर ज्ञानेंद्र गुप्ता और बड़े पिता श्री सुरेंद्र प्रताप गुप्ताजी सहित समस्त परिवार, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। परिजनों ने कहा कि अमित ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार का मान बढ़ाने के साथ ही गांव के युवाओं के सामने भी सफलता की एक प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की है।
परिवार के लोगों का कहना है कि अमित की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं। उनका मानना है कि लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा जाए तो कठिन से कठिन परीक्षा में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
अमित गुप्ता की लगातार दो महत्वपूर्ण चिकित्सा परीक्षाओं में सफलता की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में भी खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अमित समाज और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दें।
परिजनों एवं शुभचिंतकों ने अमित गुप्ता को भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर सफलता प्राप्त करने तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा करने का आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी हैं।

