मछलीशहर की स्नेहा गुप्ता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, बोलीं- पति को रूसी सेना में भेजे जाने का सता रहा डर
जौनपुर जिले के मछलीशहर क्षेत्र की रहने वाली स्नेहा गुप्ता ने रूस से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है। स्नेहा का एक मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने पति चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी का दावा करते हुए उनकी सकुशल रिहाई और परिवार की सुरक्षा के लिए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
स्नेहा के मुताबिक उनके पति चंदन गुप्ता पिछले करीब तीन वर्षों से रूस में रहकर एक भारतीय कंपनी में कार्य कर रहे हैं और उनके पास वैध वर्क वीजा है। आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें किसी स्पष्ट कारण की जानकारी दिए बिना हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। पति की गिरफ्तारी के कारणों और उनकी वर्तमान स्थिति की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाने से परिवार बेहद चिंतित है।
स्नेहा ने वीडियो में आशंका जताई है कि उनके पति को जबरन रूसी सेना में भेजा जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी किसी आधिकारिक एजेंसी की ओर से पुष्टि सामने नहीं आई है। उनकी अपील के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।
स्नेहा अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ रूस में ही रह रही हैं। पति के हिरासत में लिए जाने के बाद वह अपने और बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं। उन्होंने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर चंदन गुप्ता की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने तथा परिवार को आवश्यक सहायता देने की मांग की है।
स्नेहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। परिवार की मांग है कि चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि उन्हें किसी प्रकार की कानूनी सहायता की आवश्यकता है तो भारतीय दूतावास के माध्यम से मदद उपलब्ध कराई जाए।

