संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर अपनी नाकामियां छिपा रही कांग्रेस : अजीत प्रजापति
जौनपुर। उत्सव मोटल में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजय से कांग्रेस अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक कमजोरियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के संयुक्त बयान और प्रेस नोट के बाद विपक्ष द्वारा उठाए गए कई सवालों की वास्तविकता सामने आ गई है। कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखे गए पत्र को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह किसी नीतिगत विषय अथवा एसआईआर से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ा आंतरिक मामला था।
अजीत प्रजापति ने कहा कि विपक्ष फॉर्म-6 को लेकर भी मतदाताओं में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर में फॉर्म-6 के घोषणापत्र को सर्वोच्च न्यायालय वैध ठहरा चुका है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग बीएलओ के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस पर चुनाव हारने के बाद कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और कभी अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी के पूर्व बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को तथ्यों का सम्मान करते हुए संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा को राजनीतिक लाभ के लिए नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। कांग्रेस और उसके नेताओं को कथित भ्रामक प्रचार के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।
प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह, पीयूष गुप्ता, अजय सिंह, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह और प्रद्युम्न तिवारी मौजूद रहे।

