कूड़े के ढेर और चोक नालियों से परेशान युवाओं ने खुद शुरू किया सफाई अभियान
कबूलपुर में सफाईकर्मी नदारद, युवाओं ने संभाला फावड़ा
जफराबाद। सिरकोनी विकासखंड के कबूलपुर गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से परेशान ग्रामीणों ने अब खुद गांव की सफाई का बीड़ा उठा लिया है। सफाईकर्मी के नियमित रूप से न आने के कारण गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी का अंबार लगा था। चोक नालियों के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्तों पर बह रहा था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्राम पंचायत कबूलपुर में सफाई व्यवस्था के लिए एक सफाईकर्मी की तैनाती है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वह अक्सर गांव से गायब रहता है। नियमित सफाई न होने के कारण नालियां कूड़े-कचरे से पट गई थीं और कई गलियों में जलनिकासी की समस्या गंभीर हो गई थी। गंदगी के कारण ग्रामीणों में संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों तक भी अपनी समस्या पहुंचाने की कोशिश की गई, मगर स्थिति जस की तस बनी रही।
आखिरकार रविवार को गांव के युवा अरसलान ने खुद फावड़ा उठाकर सफाई अभियान की शुरुआत की। उन्हें नाली साफ करते देख अमन खान, रहमान खान, शाद खान और मोहम्मद समेत कई अन्य ग्रामीण भी आगे आए और हाथों में फावड़ा लेकर सफाई में जुट गए।
युवाओं की इस पहल से देखते ही देखते कई गलियों और नालियों की सफाई हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की सफाई की जिम्मेदारी सरकारी व्यवस्था की है, लेकिन जब जिम्मेदार कर्मचारी अपनी ड्यूटी नहीं निभा रहे हैं तो मजबूरी में युवाओं को खुद आगे आना पड़ा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए और सफाईकर्मी की उपस्थिति की निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह स्वयं सफाई करने के लिए मजबूर न होना पड़े।

