आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से निखरता व्यक्तित्व : प्रो. अजय प्रताप सिंह
https://www.shirazehind.com/2026/09/blog-post_805.html
जौनपुर। मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज, जौनपुर के मनोविज्ञान विभाग की ओर से शनिवार को “व्यक्तित्व विकास एवं करियर परामर्श : एक मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास, करियर जागरूकता तथा सही करियर चयन के प्रति मनोवैज्ञानिक समझ विकसित करना रहा। मुख्य वक्ता प्रो. अजय प्रताप सिंह, विभागाध्यक्ष, व्यावहारिक मनोविज्ञान विभाग, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर ने कहा कि आत्म-जागरूकता, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल और सही निर्णय लेने की क्षमता व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता को पहचानकर भविष्य के लिए उचित करियर का चयन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में विद्यार्थियों को उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी के साथ सही दिशा और मार्गदर्शन की भी आवश्यकता है। प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में ऐसे शैक्षणिक आयोजन अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व को निरंतर निखारने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव, डॉ. अंकिता श्रीवास्तव, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव एवं डॉ. अमित कुमार जायसवाल सहित स्नातक एवं स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ द्वारा समाधान एवं मार्गदर्शन किया गया। इस अवसर पर मनोविज्ञान विभाग द्वारा आयोजित “मनोविज्ञान क्रियाशीलता : रील प्रतियोगिता” के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा मेडल प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुमित सिंह ने किया। अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. ममता सिंह ने प्रो. अजय प्रताप सिंह को अंगवस्त्रम् एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा आभार व्यक्त किया।

