खेतासराय के कलापुर में नहर किनारे शव मिलने से सनसनी, मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

 

खेतासराय, जौनपुर। दुकान बंद कर घर के लिए निकले युवक का शव रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में धान के खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेतासराय थाना क्षेत्र के कलापुर गांव के पास शारदा सहायक नहर के समीप शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।


मृतक की पहचान विनोद कुमार गौतम (43) पुत्र नंदलाल गौतम, निवासी कबीरुद्दीनपुर थाना खुटहन के रूप में हुई। विनोद खेतासराय थाना क्षेत्र के एत्मादपुर गांव में सैलून चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।


परिजनों के अनुसार शनिवार शाम विनोद रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौटने के लिए निकले थे। लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचे। काफी समय बीतने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।


रविवार सुबह परिजन फिर उनकी तलाश में जुटे थे। इसी दौरान कलापुर गांव के पास शारदा सहायक नहर के समीप धान के खेत में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान विनोद कुमार गौतम के रूप में की।


विनोद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों के बीच युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।


सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।


युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


Related

डाक्टर 6539494215201655283

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item