रक्तदान कर 11 लोगों ने बचाने का लिया संकल्प, रक्तदाताओं का हुआ सम्मान
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगा शिविर
जौनपुर। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की ओर से जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करना रहा। शिविर में करीब 20 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिसमें जांच के बाद 11 लोगों ने रक्तदान किया।रक्तदान करने वालों में देवजयचंद, अरुण यादव, उमाकांत और रामावतार समेत अन्य रक्तदाता शामिल रहे। संस्था की ओर से रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने रक्तदाताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
इस अवसर पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सैफ खान, डॉ. अर्पित सिंह, एचके कुशवाहा, चंद्रशेखर, शालिनी मौर्या समेत ब्लड बैंक के कर्मचारी मौजूद रहे। संस्था की ओर से सौरभ सिंह विक्की, अंकिता सिंह, सद्दाम, तौकीर और अमन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

