स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान, जौनपुर में 90 बूथ तैयार

 मतदान के लिए 22 अक्टूबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

जौनपुर । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जौनपुर में 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में कुल 90 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 68 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदेय स्थल शामिल हैं। सभी पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट से अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।


जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें निर्वाचन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई।


उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव संपन्न कराने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति कर दी गई है। मतदान केंद्रवार आरक्षित व्यवस्था सहित नौ जोनल मजिस्ट्रेट, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 100 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। इन सभी को 18 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदान के दिन सभी केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।


उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद सीलबंद मतपेटिकाओं को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान पर भी चर्चा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 24 अक्टूबर, शनिवार को जिले के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर देना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को कैंप में उपस्थित रहने के निर्देश देने की अपील की।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली की ड्राफ्ट सूची 12 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। इस पर दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को निर्धारित है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों से समय-सारिणी के अनुसार तैयारियां पूरी करने का आग्रह किया।


बैठक में बताया गया कि जिले का वर्तमान जेंडर रेशियो 859 है। इसे बेहतर बनाने के लिए छूटी हुई महिला और युवा मतदाताओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए ऑनलाइन फॉर्म-6 भरने तथा भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से आवेदन करने की जानकारी भी दी गई।


बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR 4753225774169357215

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item