शार्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, 80 फीसदी सामान जलकर राख
पट्टीनरेन्द्रपुर चौराहे पर दुकान से धुआं उठता देख मची अफरा-तफरी
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेंद्रपुर चौराहे पर शार्ट सर्किट से एक दुकान में आग लग गई। हादसे में दुकान में रखा करीब 80 फीसदी सामान जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी के अनुसार सुलतानपुर जिले के करौंदीकला थाना क्षेत्र के अमिलिया गांव निवासी शुभम चतुर्वेदी की पट्टी नरेंद्रपुर बाजार में शुभम इंटरप्राइजेज के नाम से किराये के भवन में इलेक्ट्रिक पार्ट्स की दुकान है। शुक्रवार की शाम करीब सात बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार की सुबह बाजार के दुकानदार हवलदार मौर्य ने फोन कर दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही शुभम अपने भाई सत्यम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां दुकान से धुआं उठ रहा था और काफी संख्या में स्थानीय लोग जुटे थे। लोगों की मदद से दुकान का ताला खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक दुकान में रखा लगभग 80 फीसदी सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दुकानदार शुभम चतुर्वेदी ने बताया कि आग लगने से लगभग 8 लाख कीमत का सामान जलकर राख हो गया है। चौकी प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से दुकान में आग लगी है। मामले की छानबीन की जा रही है।

