मां महागौरी स्वरूप में भक्तों ने माता रानी का किया दर्शन—पूजन
शारदीय नवरात्र के आठवें दिन (अष्टमी तिथि) उमड़ी भारी भीड़
चौकियां धाम, जौनपुर। पूर्वांचल की आस्था का केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में रविवार को शारदीय नवरात्र के 8वें दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां शीतला का महागौरी स्वरूप में दर्शन-पूजन करके मत्था टेका। प्रातःकाल भोर में 4 बजे मन्दिर के कपाट खुलने के पश्चात मन्दिर पुजारी चन्द्रदेव पण्डा ने माता रानी का भव्य श्रृंगार करके आरती पूजन किया। हवन—पूजन एवं माता रानी के जयकारों से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। कतार में खड़े होकर भक्तों ने माता रानी के दरबार में दर्शन पूजन करते नजर आये। मन्दिर परिषद को आकर्षण रूप, रंग—बिरंगे झालर, लाइट आदि से सजाया गया है। दर्शनार्थी माता रानी के दर्शन पूजन करने के पश्चात् सत्य नारायण मन्दिर, काल भैरव नाथ मंदिर, काली मंदिर, हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन करते नजर आये।श्रीमद्देवी भागवत पुराण के अनुसार शारदीय नवरात्रि का 8वां दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी को समर्पित है जिसे महाअष्टमी के नाम से भी जाना जाता है। मां महागौरी इनका रंग अत्यंत गौर/सफेद है और ये वृषभ यानी बैल पर सवार होती हैं। इस दिन कन्या पूजन और हवन का विशेष विधान होता है। मां महागौरी को नारियल से बनी मिठाइयां, हलवा और काले चने का भोग लगाया जाता है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से मन्दिर परिसर सहित मेला क्षेत्र में पुलिस व पीएसी के जवान लगाये गये हैं। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले दर्शनार्थियों के लिये वाहन पार्किंग की व्यवस्था मन्दिर से 300 मीटर की दूरी पूर्वी मुख्य मार्ग की गयी है। वहीं वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर, जौनपुर से आने पर पश्चिमी मुख्य मार्ग बड़ागर चौराहे पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गयी है। शीतला चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में मौजूद रहे।
