जौनपुर में अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत पांच गिरफ्तार

 7.58 लाख रुपये नकद, 200 कारतूस, प्रतिबंधित 9 एमएम और ग्लॉक पिस्टल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद

जौनपुर। सुजानगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कथित सरगना शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो 12 बोर बंदूक, 200 जिंदा कारतूस, एक 22 बोर राइफल, प्रतिबंधित 9 एमएम पिस्टल, 45 बोर ग्लॉक पिस्टल, 7.58 लाख रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 20 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।


पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुरांवां नहर पुलिया के पास कुछ लोग अवैध असलहों और कारतूसों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपितों में शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह निवासी जुड़ापुर, थाना सरपतहां, संतोष कुमार निवासी छीतमपट्टी, थाना सरपतहां तथा मध्य प्रदेश के शहडोल निवासी सौरभ सिंह, अनीश सिंह और दिग्विजय सिंह शामिल हैं।


कई राज्यों में फैला था तस्करी का नेटवर्क


पुलिस के मुताबिक, गिरोह का कथित सरगना शुभम सिंह उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में अपने नेटवर्क के माध्यम से अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस जांच में वर्ष 2022 में बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में सोन नदी के बालू खनन को लेकर हुए गैंगवार में भी हथियारों की सप्लाई का मामला सामने आया है।


पुलिस ने बताया कि कानपुर के हैरिस गन हाउस के माध्यम से भी कुछ हथियारों की आपूर्ति का लिंक सामने आया है। इसके प्रोपराइटर अब्दुल्ला खान सहित अन्य राज्यों से जुड़े कुछ आरोपित अभी वांछित हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयासरत हैं।


पांचों आरोपितों के खिलाफ सुजानगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 364/2026 के तहत बीएनएस और आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।

Related

JAUNPUR 1169477754324931304

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item