सुजानगंज में अधेड़ की हत्या से सनसनी, स्कूल के पास मिला शव
नारीपुर निवासी ओमप्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू मिश्र की हत्या से गांव में पसरा सन्नाटा, कई थानों की पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर, हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
सुजानगंज, जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र में अधेड़ की हत्या से सनसनी फैल गई। नारीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू मिश्र (55) का शव सोमवार सुबह हिम्मतनगर स्थित शांती शिशु शिक्षा निकेतन स्कूल के समीप मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश मिश्र की हत्या की घटना रविवार रात की बताई जा रही है। सोमवार सुबह स्कूल के समीप उनका शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मृतक ओमप्रकाश मिश्र, ब्रह्मदेव मिश्र के पुत्र थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़े बेटे रोहित उर्फ सूरज मिश्र पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि छोटे बेटे ऋषभ मिश्र का अभी विवाह नहीं हुआ है। उनकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। ओमप्रकाश की मौत से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के भाई राजेंद्र उर्फ रज्जन मिश्र पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द हत्याकांड का पर्दाफाश करने की मांग की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सुजानगंज थानाध्यक्ष अमित पांडेय, क्षेत्राधिकारी बदलापुर तथा बदलापुर, महराजगंज समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, ताकि हत्या से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
मृतक के भाई की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधेड़ की हत्या किस वजह से की गई और वारदात में कौन-कौन शामिल है, इसका पता अभी नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब क्षेत्रीय लोगों और परिजनों की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं। परिजनों ने मांग की है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

