कोरोनाकाल में मरीजों को छूने से नहीं डरे डॉ. आरपी यादव, हर वार्ड में ऑक्सीजन की व्यवस्था कर बचाई सैकड़ों जिंदगियां
जौनपुर। चिकित्सा सेवा को केवल पेशा नहीं बल्कि जिम्मेदारी मानकर कोरोना महामारी के सबसे कठिन दौर में मरीजों के बीच डटकर खड़े रहने वाले वरिष्ठ फिजिशियन एवं सुनीता हॉस्पिटल, नईगंज के चिकित्सक डॉ. आर. पी. यादव को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) जौनपुर का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके निर्वाचन के साथ ही कोरोना काल में उनके सेवा कार्यों की चर्चा एक बार फिर शुरू हो गई है।
कोरोना महामारी के दौरान जब संक्रमण के डर से लोग अपनों से भी दूरी बनाने को मजबूर थे और गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाना परिवारों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था, उस दौर में डॉ. आर. पी. यादव लगातार मरीजों के बीच मौजूद रहे। मरीजों को छूने और उनका इलाज करने में उन्होंने संक्रमण के भय को अपनी सेवा के आड़े नहीं आने दिया। गंभीर स्थिति में पहुंचे मरीजों की जांच से लेकर उनके उपचार और ऑक्सीजन की व्यवस्था तक वह स्वयं लगातार निगरानी करते रहे।
बताया जाता है कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की कमी सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आई थी। ऐसे कठिन समय में डॉ. आर. पी. यादव ने अपने अस्पताल के हर वार्ड में ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया, ताकि ऑक्सीजन की जरूरत वाले मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों के लिए ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकीय टीम के साथ लगातार प्रयास किए गए।
ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे दौर में अस्पताल में उपलब्ध इस सुविधा से बड़ी संख्या में गंभीर मरीजों को उपचार मिल सका। मरीजों के परिजनों के लिए भी उस समय डॉक्टर का लगातार उनके बीच मौजूद रहना किसी राहत से कम नहीं था। कोरोनाकाल में उनके सेवा भाव और मरीजों के प्रति समर्पण को आज भी लोग याद करते हैं।
डॉ. आर. पी. यादव लंबे समय से चिकित्सा क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। उनके इसी अनुभव और चिकित्सकीय सेवाओं को देखते हुए आईएमए जौनपुर के चुनाव में उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके अध्यक्ष बनने पर चिकित्सक समुदाय में खुशी है।
चिकित्सकों और शुभचिंतकों का कहना है कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान मरीजों के बीच रहकर सेवा करने का उनका अनुभव अब आईएमए के नेतृत्व में भी उपयोगी साबित होगा। उनके सामने चिकित्सकों की समस्याओं, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता तथा मरीजों और चिकित्सकों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी होगी।
कोरोनाकाल में जब भय का माहौल था, तब मरीजों के बीच खड़े रहने वाले डॉ. आर. पी. यादव का आईएमए जौनपुर का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना चिकित्सा जगत में उनके प्रति विश्वास और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

