चोरी के शक में तीन नाबालिगों को पेड़ से बांधा, वीडियो वायरल
केशवपुर बाजार में मोटर पार्ट्स की दुकान में चोरी के प्रयास का आरोप, परिजनों से ₹25 हजार लेकर छोड़ने की चर्चा; पुलिस बोली- मामले की जानकारी नहीं
जौनपुर । जिले में तीन नाबालिग लड़कों को पेड़ से रस्सी के सहारे बांधे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीनों किशोर पेड़ से बंधे नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन पर बाजार स्थित मोटर पार्ट्स की दुकान में भोर के समय चोरी का प्रयास करने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर बाजार में पवन ऑटोमोबाइल नाम से मोटर पार्ट्स की दुकान है। आरोप है कि भोर में तीन नाबालिग दुकान में चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान आसपास के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद कथित तौर पर भीड़ ने तीनों को पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया और इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
मामले को लेकर यह भी चर्चा है कि पकड़े गए नाबालिगों के परिजन मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर 25 हजार रुपये देकर उन्हें भीड़ के कब्जे से मुक्त कराया। हालांकि इस रकम के लेन-देन की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नाबालिगों पर चोरी का आरोप था तो उन्हें पुलिस के हवाले करने के बजाय पेड़ से बांधकर रखने और कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ने की घटना कैसे हुई? वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
उधर, पुलिस का कहना है कि उसे इस मामले की जानकारी नहीं है। ऐसे में अब यह सवाल भी उठ रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना कब की है और नाबालिगों को किसने पेड़ से बांधा था। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

