अनाधिकृत मतदान पर होगी कड़ी कार्रवाई, मंडलायुक्त ने दिए निर्देश
पात्र मतदाताओं की पहचान का सत्यापन अनिवार्य, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
वाराणसी/जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मतदान के दौरान किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के वोट डालने या मतदान व्यवस्था में अनियमितता करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। मतदाताओं की पहचान का विधिवत सत्यापन किया जाए, ताकि केवल पात्र मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और निगरानी के प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्वाचन कार्य में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप गंभीरता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखने और सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया, ताकि निर्वाचन निष्पक्ष, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।

