पूर्वांचल विश्वविद्यालय में परीक्षा की तैयारियां तेज, मूल्यांकन और परिणाम के लिए बनीं 10 समितियां
कुलपति प्रो. राकेश सिंह ने दिए पारदर्शिता और समयबद्धता के निर्देश, परीक्षा के साथ ही शुरू होगा मूल्यांकन कार्य
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आगामी स्नातक एवं स्नातकोत्तर विषम सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परीक्षा के सफल संचालन, उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित प्रबंधन, मूल्यांकन और समयबद्ध परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 10 समितियों का गठन किया है। सोमवार को कुलपति सभागार में कुलपति प्रो. राकेश सिंह की अध्यक्षता में गठित समितियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कुलपति प्रो. राकेश सिंह ने कहा कि परीक्षा विश्वविद्यालय की सबसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक प्रक्रियाओं में से एक है। इसकी विश्वसनीयता और गुणवत्ता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा संचालन से लेकर मूल्यांकन और परिणाम घोषित करने तक प्रत्येक स्तर पर पूरी सावधानी, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सभी समिति संयोजकों एवं सदस्यों को अपने निर्धारित दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कुलपति ने उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव, मूल्यांकन केंद्रों की व्यवस्थाओं, परीक्षकों के समन्वय, ओएमआर सत्यापन, ऑनलाइन उपस्थिति और परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी समितियां अपनी तैयारियों की नियमित समीक्षा करें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रक्रिया त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह ने मूल्यांकन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं के साथ ही मूल्यांकन कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे परीक्षा परिणाम समयबद्ध तरीके से घोषित किए जा सकें। वहीं डॉ. अमरेंद्र सिंह ने गठित 10 समितियों की संरचना, कार्यक्षेत्र और दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इन 10 समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मूल्यांकन कार्य समिति का संयोजक डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह को बनाया गया है। विश्वविद्यालय परिसर के मूल्यांकन कार्य एवं परीक्षा परिणाम समिति की जिम्मेदारी डॉ. अमरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। संबद्ध महाविद्यालयों से संबंधित डाटा प्रोसेसिंग एवं परीक्षा परिणाम घोषणा समिति का संयोजक डॉ. विशाल यादव को बनाया गया है।
इसी क्रम में आवास समिति की जिम्मेदारी चीफ प्रॉक्टर प्रो. अजय प्रताप सिंह को दी गई है। समन्वय एवं मूल्यांकन केंद्र समिति के संयोजक संजय शर्मा होंगे। ऑनलाइन उपस्थिति सत्यापन समिति का प्रभारी अतुल गुप्ता तथा मूल्यांकन केंद्र पर जलपान, स्वच्छता एवं विद्युत/जनरेटर कार्य समिति का प्रभारी श्याम त्रिपाठी को बनाया गया है।
इसके अलावा उपस्थिति एवं उत्तर पुस्तिका प्रबंधन समिति का संयोजक डॉ. नृपेन्द्र सिंह, उत्तर पुस्तिका आवंटन एवं संग्रहण समिति का प्रभारी नीरज कुमार तथा परीक्षा अंक प्रमाणीकरण एवं ओएमआर सत्यापन समिति का संयोजक डॉ. संजीव गंगवार को नियुक्त किया गया है।
बैठक में विभिन्न समितियों के प्रभारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन का जोर परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध बनाते हुए विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराने पर है।

