दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को घेरा, जर्जर बिजली तारों से लेकर सड़कों की बदहाली तक उठे सवाल

 हौज टोल पर जाम की समस्या पर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा नाराज, हर तहसील में डायलिसिस सेंटर और अस्पतालों में एंटी स्नेक व डॉग बाइट इंजेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश

जौनपुर। जिले में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार, जनसमस्याओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता तथा सांसद प्रिया सरोज और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी की सह-अध्यक्षता में हुई बैठक में बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल और रेलवे सहित कई विभागों से जुड़े मुद्दे उठे। हौज स्थित टोल प्लाजा पर आए दिन लगने वाले जाम को लेकर नाराजगी जताई गई। वहीं, हर तहसील में एक-एक डायलिसिस सेंटर स्थापित करने और जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही और अनुपालन आख्या की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को तत्काल हटाने, जर्जर तार बदलने, आवश्यकता के अनुसार बिजली के खंभों को शिफ्ट करने तथा ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग को किसानों के लिए समय से बीज, खाद और कृषि दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। प्रत्येक तहसील में एक डायलिसिस सेंटर की व्यवस्था कराने तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर सांप और कुत्ते के काटने पर उपचार के लिए आवश्यक इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

सड़कों की बदहाली का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने और जहां आवश्यकता हो, वहां नई सड़क का प्रस्ताव भेजने को कहा गया। जिला पंचायत के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत के लिए अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) जिला पंचायत को निर्देशित किया गया। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों के पुनर्स्थापन की जानकारी ली गई और प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में विभिन्न पेंशन योजनाओं, छात्रवृत्ति वितरण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गो-संरक्षण एवं पशुओं के टीकाकरण की प्रगति भी परखी गई। रेलवे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान हौज टोल प्लाजा पर अक्सर लगने वाले जाम की समस्या पर नाराजगी जताई गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों और सुझावों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा।

बैठक में विधायक जगदीश नारायण राय, रमेश चंद्र मिश्र, रमेश सिंह, डॉ. आरके पटेल, लकी यादव, पंकज पटेल, तुफानी सरोज, रागिनी सोनकर, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, डीएफओ दिव्या, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक डीआरडीए केके पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



Related

JAUNPUR 1837222375804156022

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item