हर खंभा दे रहा मुबारकवाद,भावी प्रत्याशियों का राजनीति में पूजी निवेश बदस्तूर जारी
जौनपुर। अगले वर्ष विधानसभा और पंचायत चुनाव दोनों हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव में टिकट पाने के लिए पूंजीपतियों ने बैनर पोस्टर के जरिए मुबारकबाद की आंड में पूजी निवेश करना शुरू कर दिया है ।
इसका सबसे बड़ा उदाहरण है मछलीशहर तहसील क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्गों से लेकर सामान्य सड़कों के किनारे खड़े हर खंभे में भावी प्रत्याशियों के बैनर दशहरा, दीपावली के मुबारकबाद दे रहे हैं।भावी प्रत्याशियों का राजनीति में यह पूजी निवेश किसी प्रत्याशी का टिकट भले न फाइनल करे लेकिन इतना जरूर करता है कि आम आदमी को टिकट के रेस से बाहर कर देता है। पार्टी कोई भी हो टिकट की दावेदारी अमीरों की ही रहती है।
इस देश में गरीब केवल वोटर हो सकता है प्रत्याशी नहीं। उधर पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत तथा ब्लाक प्रमुख के भावी प्रत्याशी भी अपने अपने हल्के में मुबारकबाद देने में पीछे नहीं हैं। पंचायत चुनाव मई में ही सम्पन्न होने थे ऐसे में 2026 के शुरू होने पर एक बार नव वर्ष के मुबारकबाद के बैनर लगे, फिर होली के फिर के और विलम्ब होने पर दीपावली और दशहरा के मुबारकबाद के लगाने पड़े।चूंकि इस वर्ष पंचायत चुनाव के आसार नहीं दिख रहें हैं ऐसे में इन छुटभैये नेताओं को फिर 2027 की जनवरी में नव वर्ष का और अगर पंचायत चुनाव और देर होने पर होली की भी मुबारकबाद देनी ही पड़ेगी।
चुनाव की लेट लतीफी भावी प्रत्याशियों की जेब भले ढीली कर रही हो लेकिन मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर कस्बों में बैनर पोस्टर की छपाई करने वाले गदगद हैं।आम आदमी भी ठहरा आम आदमी इन बैनर पोस्टर से उसका ऐसा ब्रेन वॉश होता है कि वह भूल ही जाता है कि वह भी प्रत्याशी बन सकता है और प्रत्याशी ठहरे चतुर चालाक उन्हें मालूम है कि जीतने में पूजी निवेश कई गुना रिटर्न मिलना तय है।

