नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, हत्या समेत पांच मुकदमे दर्ज
जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण, दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान उर्फ नाटे (छोटू) निवासी तारापुर तकिया, थाना कोतवाली, जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या समेत पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जलालपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ जलालपुर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 497/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(1), 352, 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 और 16/17 तथा धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार मामले में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में वर्ष 2018 में हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धारा 302, 201 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2023 में मारपीट और धमकी, वर्ष 2025 में मारपीट व धमकी तथा लाइन बाजार थाने में वर्ष 2024 में मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह, अरविंद कुमार यादव, महिला कांस्टेबल रीतू गुप्ता और सोनी पटेल शामिल रहीं।

