सिकरारा में स्मृति द्वार की सियासत ने पकड़ा तूल, सपा विधायक लकी यादव ने चला ऐसा दांव कि होने लगी तारीफ!

एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू के रज्जू भैया स्मृति द्वार के बाद चर्चा में आया डॉ. लालजी सिंह के नाम का द्वार, मुख्यमंत्री की छह साल पुरानी घोषणा को लेकर भी उठे सवाल

जौनपुर। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र का सिकरारा बाजार इन दिनों केवल विकास कार्यों ही नहीं, बल्कि स्मृति द्वारों के नामकरण को लेकर भी राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गया है। सिकरारा से बरईपार मार्ग पर बने दो स्मृति द्वारों ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। खास बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम में सियासी प्रतिद्वंद्विता के बीच महापुरुषों और जिले की महान विभूतियों के सम्मान का मुद्दा भी प्रमुखता से उभरकर सामने आया है।

दरअसल, करीब दो महीने पहले विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बृजेश सिंह प्रिंशू की पहल पर सिकरारा-बरईपार मार्ग पर रज्जू भैया के नाम से स्मृति द्वार का निर्माण कराया गया था। द्वार लगते ही इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2020 में इसी मार्ग का नाम डीएनए फिंगरप्रिंटिंग के जनक और जौनपुर के गौरव स्वर्गीय डॉ. लालजी सिंह के नाम पर करने की घोषणा की थी, तो फिर यहां रज्जू भैया के नाम से स्मृति द्वार क्यों बनवाया गया?

इस बीच समाजवादी पार्टी के मल्हनी विधायक लकी यादव की ओर से भी इसी स्थान से थोड़ी दूरी पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के नाम से स्मृति द्वार बनवाने की पहल की गई थी। इसके लिए उन्होंने अपनी विधायक निधि से धनराशि भी दी थी, लेकिन उनका प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका। इस मामले को लेकर विधायक लकी यादव ने दिशा की बैठक में भी विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।

हालांकि, बदलते घटनाक्रम और स्थानीय लोगों के बीच उठ रही चर्चाओं को देखते हुए विधायक लकी यादव ने अपनी रणनीति में बदलाव किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नाम से प्रस्तावित स्मृति द्वार के बजाय अब जौनपुर की धरती के महान वैज्ञानिक स्वर्गीय डॉ. लालजी सिंह के नाम से स्मृति द्वार का निर्माण कराया। अब यह द्वार लगते ही एक बार फिर सिकरारा की सियासत गर्म हो गई है।

इस घटनाक्रम की खास बात यह है कि जहां एक ओर स्मृति द्वारों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच खींचतान की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर सपा विधायक की इस पहल को लेकर भाजपा समर्थकों और स्थानीय लोगों के बीच भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कई लोग विधायक की सराहना करते हुए इसे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपनी माटी के गौरव को सम्मान देने की पहल बता रहे हैं।

डॉ. लालजी सिंह के सम्मान को बताया अपनी जिम्मेदारी

सपा विधायक लकी यादव ने इस संबंध में कहा कि जौनपुर के कलवारी गांव के निवासी डॉ. लालजी सिंह ने डीएनए फिंगरप्रिंटिंग के जनक के रूप में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा से न केवल देश, बल्कि पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ाया। उनका व्यक्तित्व और वैज्ञानिक योगदान जौनपुर के लिए गौरव की बात है। ऐसे महान वैज्ञानिक की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने अपनी विधायक निधि से सिकरारा-बरईपार मार्ग पर उनके नाम से स्मृति द्वार का निर्माण कराया है।

उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि महापुरुषों और महान विभूतियों का सम्मान केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे धरातल पर भी साकार किया जाना चाहिए। वर्ष 2020 में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. लालजी सिंह के नाम पर इस मार्ग का नामकरण करने की घोषणा की थी, लेकिन छह वर्ष बीत जाने के बाद भी वह घोषणा पूरी नहीं हो सकी। ऐसे में उन्होंने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अपनी ओर से यह पहल की।

लकी यादव ने कहा कि उनके लिए मल्हनी विधानसभा का विकास केवल सड़कों और भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी माटी के गौरव, जिले की महान विभूतियों और उनके योगदान को सम्मान देना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। डॉ. लालजी सिंह का व्यक्तित्व, उनकी वैज्ञानिक उपलब्धियां और देश के प्रति उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

सियासत के बीच सम्मान की पहल बनी चर्चा का विषय

सिकरारा-बरईपार मार्ग पर बने इन स्मृति द्वारों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के बीच प्रतिस्पर्धा विकास कार्यों के साथ-साथ महापुरुषों के सम्मान के मामले में भी दिखाई देने लगी है। फिलहाल डॉ. लालजी सिंह के नाम से बने नए स्मृति द्वार को लेकर क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। राजनीतिक विरोध के बावजूद एक वैज्ञानिक विभूति के सम्मान में आगे आने की विधायक की पहल को लोग अलग नजरिये से देख रहे हैं।

Related

JAUNPUR 8100622916973620318

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item