झगड़ा छुड़ाने की बात पर हुई थी युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
गौराबादशाहपुर पुलिस ने आरा पुलिया के पास से दबोचा, वारदात में प्रयुक्त डण्डा बरामद
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहाँ गांव में झगड़ा छुड़ाने की बात को लेकर हुए विवाद में युवक की लाठी-डण्डों से पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डण्डा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, कुकुहाँ गांव निवासी लल्लन राजभर ने 28 नवंबर को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 27 नवंबर को झगड़ा छुड़ाने की बात को लेकर विपक्षियों ने उनके पुत्र विन्द्रेश राजभर पर लाठी-डण्डों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण विन्द्रेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गौराबादशाहपुर पुलिस ने रविवार 29 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर आरा पुलिया, आजमगढ़ रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सानू उपाध्याय उर्फ अनिकेत उपाध्याय (23), विकास तिवारी उर्फ कल्लू तिवारी (27) और वीरू पाण्डेय उर्फ गोलू (29) के रूप में हुई है। तीनों कुकुहाँ गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डण्डा भी बरामद किया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल, उपनिरीक्षक मुन्नालाल शर्मा, अवधेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

