डॉ. प्रवीण तोगड़िया के काशी प्रांत प्रवास की तैयारियों पर मंथन, संगठन विस्तार पर दिया जोर
मदारपुर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल की प्रांतीय बैठक, 3 से 7 जनवरी तक प्रस्तावित है काशी प्रांत का दौरा
जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की प्रांत टोली की बैठक विकास खंड सिरकोनी के मदारपुर स्थित डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर हुई। बैठक में केंद्रीय संगठन महामंत्री ईश्वरी प्रसाद ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान परिषद के संस्थापक एवं अध्यक्ष तथा कैंसर चिकित्सक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के प्रस्तावित काशी प्रांत प्रवास की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बताया गया कि डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया का आगामी 3 से 7 जनवरी तक काशी प्रांत के विभिन्न जिलों में प्रवास प्रस्तावित है। बैठक में उनके दौरे की रूपरेखा, संगठन के विस्तार, विभिन्न आयामों की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा हुई।
केंद्रीय संगठन महामंत्री ईश्वरी प्रसाद ने संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि हनुमान चालीसा पाठ केंद्रों का अधिक से अधिक विस्तार किया जाना चाहिए। इसके साथ ही अधिकाधिक हिंदू परिवारों से संपर्क स्थापित कर उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से सनातन धर्मावलंबियों में जागरूकता और एकजुटता को बल मिलेगा।
बैठक में तरुण शुक्ल, प्रांत महामंत्री अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, संजय दुबे प्रांत संगठन महामंत्री, अर्जुन मौर्य प्रांत महामंत्री राष्ट्रीय बजरंग दल, दुर्गेश श्रीवास्तव प्रांत मंत्री, अशोक सिंह मंत्री राष्ट्रीय छात्र परिषद और आशीषानन्द महाराज प्रांत धर्माचार्य प्रमुख सहित काशी प्रांत के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
फलाहारी महाराज का हाल जानने मठ पहुंचे केंद्रीय संगठन महामंत्री
जौनपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय संगठन महामंत्री ईश्वरी प्रसाद अस्वस्थ चल रहे रामप्रीति मिश्र फलाहारी महाराज का कुशलक्षेम जानने गूलर घाट स्थित मठ मंदिर पहुंचे। उन्होंने फलाहारी महाराज से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अजय पाण्डेय, जिला मंत्री सचिन श्रीवास्तव, सुधीर श्रीवास्तव, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह समेत संगठन के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि फलाहारी महाराज धर्माचार्य प्रमुख के विभागीय अध्यक्ष होने के साथ श्रीराम जानकी मठ के प्रधान पुजारी एवं महंत हैं।

