श्रीराम कथा मन को शुद्ध कर जीवन को देती है नई दिशा: मानस वत्सल महराज

 रामकथा के श्रवण से दूर होते हैं मन के विकार, मिलती है मर्यादित और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा

जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम क्षेत्र के रामदासपुर नेवादा में आयोजित पांच दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के दूसरे दिन वाराणसी से पधारे कथावाचक अनिल पाण्डेय (मानस वत्सल) महराज ने श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा के आध्यात्मिक एवं जीवनोपयोगी महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि मानव जीवन को शुद्ध, सदाचारी और उद्देश्यपूर्ण बनाने का सशक्त माध्यम है। इसके श्रवण से मन के विकार दूर होते हैं और व्यक्ति को आंतरिक शांति के साथ भक्ति का मार्ग प्राप्त होता है।

कथावाचक ने कहा कि श्रीराम कथा मनुष्य के भीतर छिपे लोभ, मोह, ईर्ष्या, काम, क्रोध, मद और मत्सर जैसे विकारों को कम करने में सहायक है। भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, उनके साहस, धैर्य, त्याग, निष्ठा और मर्यादा से प्रत्येक व्यक्ति को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर मनुष्य अपने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में धर्म और नैतिकता के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है।

उन्होंने कहा कि रामकथा के श्रवण से मन एकाग्र होता है, नकारात्मक विचारों पर नियंत्रण मिलता है और भगवान के प्रति श्रद्धा एवं विश्वास मजबूत होता है। यह कथा जीवन में आने वाली कठिनाइयों और दुखों का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है। श्रीराम कथा व्यक्ति के मन से संदेह दूर कर ईश्वरीय ज्ञान और भक्ति की भावना जागृत करती है। इसके श्रवण, पठन और गायन से लौकिक सुखों के साथ-साथ परम सुख एवं मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग भी प्रशस्त होता है।

मानस वत्सल महराज ने कहा कि श्रीराम कथा का वास्तविक उद्देश्य केवल कथा सुनना नहीं, बल्कि भगवान राम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारना है। जब मनुष्य अपने जीवन में मर्यादा, प्रेम, त्याग, सेवा और सदाचार को अपनाता है, तभी उसका जीवन सही अर्थों में कल्याणकारी बनता है।

इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टण्डन, शिवांशु श्रीवास्तव, मोहित जायसवाल, हिमांशु जायसवाल, चंद्रचारु जायसवाल, अमन श्रीवास्तव, कृपाशंकर श्रीवास्तव, हरिशंकर श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, अश्वनी श्रीवास्तव, शशि श्रीवास्तव, शम्भूनाथ गुप्ता, प्रवेंद्र उपाध्याय, अश्वनी जायसवाल, शशांक त्रिपाठी, दीपक श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि श्रीराम कथा प्रतिदिन सायं छह बजे से रात्रि नौ बजे तक आयोजित हो रही है। कथा के समापन पर आरती-पूजन किया गया और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

Related

JAUNPUR 9031840827310044544

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item